कदौरा। कबाड़ बीनने पहुंचे दो नाबालिग भाइयों को गांव के कुछ युवकों ने गांव में घुसने से मना किया तो उनका किशोरों से विवाद हो गया। इससे आक्रोशित युवकों ने भाइयों को पीट दिया। जिससे वह बेहोश हो गए। किशोरों को बेहोश देख युवक भाग गए। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने दोनों भाइयों को सीएससी लाई जहां होश आने के बाद उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
रविवार को उरई कोतवाली के मोहल्ला नया पटेल नगर निवासी सुक्खू (15) व अरवेज (17) पुत्रगण बीडू थाना क्षेत्र के ग्राम मवई ब्राह्मण में कबाड़ बीनने गए थे, तभी गांव के बाहर उन्हें कुछ युवक मिल गए और उन्होंने गांव में प्रवेश करने से मना किया। इस पर दोनों भाइयों का युवकों का विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर युवकों ने दोनों भाइयों को जमकर पीटा, जिससे दोनों बेहोश हो गए।
इसके बाद युवकों ने दोनों भाइयों को तालाब के किनारे डाल दिया। उधर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर भाइयों पर पड़ी तो उन्होंने 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे सिपाहियों ने दोनों भाइयों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां होश आने पर भाइयों ने बताया कि वह क्षेत्र में कबाड़ बीनते हैं। गांव में कबाड़ बीनने के लिए पहुंचे थे, लेकिन गांव के बाहर ही कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। थाना पुलिस का कहना है कि भाइयों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।