थाने में ख़ड़ा मौरंग से लदा ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
शासन-प्रशासन के बाद अब सीबीआई की मौजूदगी भी बुंदेलखंड में खनन माफियाओं पर शिकंजा नहीं कस पा रही है। रविवार को जिले में सीबीआई टीम होने के बावजूद माफियाआें के ट्रक तिरपाल ढककर निकलते रहे। कोटरा थाना पुलिस ने एक ट्रक को पकड़ लिया। हालांकि उसमें सवार लोग भाग निकले। पुलिस ने मौरंग चोरी व खनिज अधिनियम में कार्रवाई की है।
कोटरा थाने में तैनात दरोगा अमित तिवारी रविवार की रात थाना क्षेत्र में गश्त पर थे। उन्हें झांसी जिले की सीमा से एक ट्रक आता दिखाई दिया। ट्रक को रोकना चाहा तो ट्रक लेेकर चालक उरई की ओर भागने लगा। पुलिस ने ट्रक का पीछा किया तो चालक और उसमें सवार लोग ट्रक को खड़ा कर जंगल की ओर भाग गए।
पुलिस ट्रक को थाने लाई। ट्रक को सीज कर अज्ञात के खिलाफ मौरंग चोरी व खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। बताते चलें कि हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई बुंदेलखंड में हुए अवैध खनन की जांच करने के लिए रविवार को जिले में आई थी। उसने डकोर थाने के मुहाना व बंधौली घाटाें का निरीक्षण कर ग्रामीणाें से पूछताछ की थी।