पंचायत भवन में आयोजित ग्राम सभा की खुली बैठक में मौजूद
- फोटो : अमर उजाला
ब्लॉक डकोर के गांव मुहम्मदाबाद में ग्राम सभा की खुली बैठक शनिवार को पंचायत भवन में हुई। इसमें तालाब, कुओं, सीसी सड़क आदि विकास कार्यों को लेकर गांव के प्रधान एवं सदस्यों संग सचिव की मौजूदगी में पांच वर्षों की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इसमें लगभग एक करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई। वहीं, ग्रामीणों ने राशन कार्ड न बनने और
मिलने को लेकर हो-हल्ला किया। प्रधान प्रतिनिधि महेंद्र तिवारी व सचिव रमेश उदैनियां, गांव के सदस्यों और ग्रामीणों की मौजूदगी में लगभग एक करोड़ की कार्ययोजना तैयार की गयी। सचिव रमेश उदैनियां ने बताया कि पिछली ग्राम सभा की बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद गांव के श्मशान घाट में दो चबूतरों का पक्का निर्माणा कराया जा चुका है और एक
सीसी सड़क की मरम्मत की गई है। उन्होंने बताया कि इसी प्रस्ताव में गांव के बाहर स्थित सैय्यद बाबा दरगाह के कु एं का मरम्मत होना बाकी है। जिसे जल्द मरम्मत कराया
जाएगा। इसके बाद बैठक में राशन कार्ड न बनने सूखा राहत पैकिट न मिलने को लेकर पात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। सचिव ने पात्रों को सूखा राहत सामग्री दिलाने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर ग्रामीण शांत हुए।
कोटेदार पर लगाए धांधली का आरोप
मुहम्मदाबाद में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में गरीबों को वितरित की जाने वाली सूखा राहत सामग्री में एक कोटेदार पर धांधली का आरोप शिव पाल सिंह यादव, सुबराती समेत आधा दर्जन लोगों ने लगाया। कहा कि अन्त्योदय राशन कार्ड सूची में उनका नाम था और उरई में सूखा राहत पैकेट वितरण के दौरान वह किसी कारण से राहत किट लेने नहीं पहुंच
सके। इस पर एक कोटेदार ने उनके नामों पर राहत पैकेट ले लिया। उन्होंने बताया कि उरई से गांव तक पैकेट लाने वाले किराए के वाहनों का भाड़ा भी इन्हीं पैकेटों को देकर चुकता किया गया। धांधली को लेकर ग्राम सभा की बैठक में प्रधान के नेतृत्व में 25 अप्रैल को कलक्ट्रेट में राशन वितरण, सूखा राहत पैकेट तथा राशन न बनने को लेकर डीएम संदीप कौर से शिकायत करने की रूपरेखा तैयार की गई।