लू से बचने को दुपट्टों से मुंह ढक कर जाती युवतियां।
- फोटो : अमर उजाला
भीषण गर्मी शहरियों के लिए नासूर बन गई है। तेज धूप व लू के थपेड़े मुसीबत बने हैं। रविवार की सुबह से ही तेज धूप ने लोगों के होश फाख्ता कर दिए। दोपहर 12 बजे के बाद चली लू ने तो लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया। इसके चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बिजली की किल्लत भी मुसीबत बनी। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, शहरियों की बेचैनी
भी बढ़ती जा रही है। रविवार का दिन बेहद गर्म रहा। अधिकतम तापमान बढ़कर 45.3 डिग्री हो गया। हालांकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री पर ही ठहरा रहा। बदन झुलसाने वाली धूप के चलते सड़कों पर सन्नाटे जैसी स्थिति रही। इस दौरान लोग घरों में दुबके रहे। जो लोग जरूरी काम से निकले भी वे शरीर को पूरी तरह से कपड़ों से ढककर और छाता लेकर
ही निकले। शहर के मेन रोड स्थित कालपी बस स्टैंड, मच्छर चौराहा, घंटाघर, स्टेशन रोड, बल्दाऊ चौक आदि सड़कों पर दोपहर में इक्का दुक्का लोग नजर आए। गर्मी से बचने के
लिए कोई ठंडे जूस का सहारा ले रहा था तो कोई सिर पर पानी डालकर काम चला रहा था। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों को रही जिन्हें लू से बचने के लिए घरों में कैद रहना पड़ा। भीषण गर्मी में बिजली की आवाजाही परेशानी का सबब बनी रही।
हफ्ते भर में तापमान में उतार-चढ़ाव
तारीख अधिकतम न्यूनतम
9 मई 38 28
10 मई 39 28
11 मई 40 29
12 मई 41 29
13 मई 42.1 29
14 मई 41 27
15 मई 45.3 27