उरई। कोरोना मरीजों की सहूलियत के लिए मेडिकल कालेज का संचालन अब डेडीकेटेड कोविड अस्पताल के रुप में होगा। शनिवार को प्राचार्य डॉ डी नाथ, विभागाध्यक्षों व चिकित्सीय स्टाफ की बैठक में सर्वसम्मति से फिलहाल गैर कोविड सेवाएं स्थगित करने का प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
प्राचार्य ने बताया कि कोरोना के मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे ओपीडी में आने वाले अन्य रोगों से ग्रसित मरीजों के संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। इन मरीजों को दिक्कत न हो इसके लिए पूर्व की भांति टेलीमेडिसन सेवाएं संचालित की जाएगी। उन्होंने बताया कि औषधीय, बिजली, पानी, डेडबॉडी मैनेजमेंट, बायोमेडिकल वेेस्ट मैनेजमेंट, नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी के लिए प्रभारी घोषित कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस समय अस्पताल में 67 कोविड मरीज भर्ती हैं। इन मरीजों में 12 आईसीयू में है। कोरोना मरीजों के त्वरित इलाज के लिए मेडिकल कालेज का संचालन डेडीकेटेड कोविड अस्पताल के रुप में होगा। बैठक में सीएमएस डॉ आरके सिंह, डॉ मनोज वर्मा, डॉ शैलेंद्र प्रताप, डॉ छवि, डॉ चरक सांगवान, अफरीना नासिर, डॉ संजीव गुप्ता, डॉ जितेंद्र मिश्रा, डॉ प्रशांत निरंजन आदि मौैजूद रहे।
उरई। डीवी कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि बीए व बीएससी की प्रायोगिक परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। बीएससी प्रथम वर्ष रसायन विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा 13 से 16 अप्रैल तक होगी। बीएससी द्वितीय वर्ष रसायन विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा 17 से 20 अप्रैल तक होगी। जबकि बीएससी तृतीय वर्ष रसायन विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा 14 व 16 अप्रैल को होगी। बीए प्रथम व द्वितीय वर्ष शारीरिक शिक्षा की प्रायोगिक व मौखिकी परीक्षा 16 अप्रैल को होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा में मास्क, सैनिटाइजर व सामाजिक दूरी का पालन किया जाएगा। (संवाद)