उरई। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा का दूसरे दिन जिले में नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में आयोजन किया गया। पेपर देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि गणित के प्रश्न कठिन आए। सामान्य ज्ञान ने औसत से ज्यादा समय ले लिया, जिससे समय बाकी प्रश्नों में समय कम दे पाए।
जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा कराई गई। डीएम राजेश कुमार पांडेय व एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी कॉलेज, गांधी इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक कॉलेज, जीआईसी, जीजीआईसी व सनातन धर्म इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं को देखा। प्रशासन के अनुसार दूसरे दिन प्रथम पाली में 2400 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 1709 ने परीक्षा दी, जबकि 191 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 2400 के सापेक्ष 1732 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया और 668 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।