घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम जांच पड़ताल करती
- फोटो : ORAI
महेबा। कालपी कोतवाली क्षेत्र के गांव हरायपुर में महिला का शव साड़ी के सहारे फंदे पर लटका मिला, मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाकर जांच शुरू करा दी है।
गुरुवार शाम हरायपुर निवासी दीपक पाल की पत्नी आरती (22) छत पर लगे हुक में अपनी साड़ी के सहारे फंदे पर लटकी मिली। जब घरवाले खेतों से लौटे तो उनके होश उड़ गए। पति दीपक ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर कालपी सीओ राहुल पांडे, तहसीलदार शिशुवेंद्र द्विवेदी, कालपी कोतवाल मानिक चंद्र पटेल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल वाले मौके से भाग गए। आरती की मौत की सूचना ग्रामीणों ने उनके डकोर ब्लाक में रहने वाले मायके पक्ष को दी।
जिस पर आरती के परिजन गांव पहुंच गए। आरती के चाचा रामपाल ने ससुरालियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। रामपाल ने बताया कि 2 मई 2018 को आरती की शादी दीपक के साथ की थी। तब से पति समेत ससुराल वाले भतीजी से दहेज की मांगकर उसका उत्पीड़न कर रहे थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ का कहना है कि अभी आरोप प्रत्यारोप लग रहे हैं, तहरीर मिलते ही मामले की जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।