मुहम्मदाबाद। कुआं पूजन के दौरान महिला को गोली मार दी गई। गोली महिला के पैर को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। महिला ने करीबी रिश्तेदार पर हमले का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर डकोर अशोक वर्मा का कहना है कि मामला संदिग्ध है, जांच की जाएगी।
डकोर थाना क्षेत्र के बंधौली गांव निवासी अंजना यादव (32) ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात वह घर के पास ही एक करीबी रिश्तेदार के घर कुआं पूजन में शामिल होने गई थी। देर रात समारोह में एक करीबी रिश्तेदार हाथ में तमंचा लेकर पहुंचा और उसने फायर कर दिया। गोली उसके पैर में लगी है। फायरिंग से समारोह में हड़कंप मच गया और आननफानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अंजना को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां उसका उपचार चल रहा है। अंजना के मुताबिक हमलावर रिश्तेदार रंजिश मानता है। इंस्पेक्टर का कहना है कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है और अस्पताल के डॉक्टर गोली का जख्म भी नहीं बता रहे हैं। लिहाजा मामले की जांच के बाद ही आगे कोई कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पुलिस कार्रवाई करेगी। तब तो आरोपी ही काफी दूर जा चुका होगा।