जालौन। शनिवार से सोमवार तक कोरोना कर्फ्यू के चलते तीन दिन नगर का बाजार बंद रहेगा। जिसके चलते शुक्रवार को बाजार में भीड़ रही। बाजार में घंटों जाम लगा रहा। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को पसीना बहाना पड़ा।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा तीन दिन के लिए कर्फ्यू की घोषणा की गई है। पूर्व में जहां वीकेंड कर्फ्यू शनिवार व रविवार का था। अब इसे एक दिन और बढ़ाकर सोमवार तक कर दिया गया है। जिसके चलते शनिवार से सोमवार तक तीन दिन के लिए बाजार में पूरी तरह से बंदी रहेगी। तीन दिन तक बाजार बंद होने की घोषणा से शुक्रवार को बाजार में भीड़ रही ।
लोगों ने अपने घर के लिए आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की। वहीं, सहालग का समय होने के चलते शादियां भी हैं। ऐसे में बाजार में शादियों में देने के लिए उपहार एवं वस्त्र आदि खरीदने वालों की भी भीड़ रही। यही कारण रहा कि वाहनों के चलते दिन भर जाम की स्थिति रही। नगर के सब्जी मंडी बिजली घर चौराहा, कांजी हाउस तिराहा और झंडा चौराहे पर दिन भर जाम की स्थिति रही। जाम को खुलवाने के लिए कोतवाली में तैनात एसएसआई आनंद सिंह समेत पुलिस फोर्स को जमकर पसीना बहाना पड़ा।