उरई। 26 अप्रैल को आई आंधी और बारिश के चलते एट फीडर से जुड़े दर्जन भर गांवों की बिजली व्यवस्था अभी तक पटरी पर नहीं लौटी है। दस दिन होने के बावजूद बिजली न आने से गांववाले परेशान है। पेयजल संकट के साथ मोबाइल चार्ज करने में भी समस्या आ रही है।
बता दें कि 26 अप्रैल की रात आई आंधी के बाद से एट फीडर से जुड़े सोमई, भुआ, कपासी, कैंथेरी, नरछा, नुनसाई, गिरथान, बर्ध, शहपुरा, बड़ागांव, रिनियां समेत एक दर्जन गांव में बिजली नहीं आ रही है। गांववालों का कहना है कि आंधी के कारण गिरथान से लेकर नरछा मंदिर तक अलग-अलग स्थानों पर 14 खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसकी वजह से बिजली व्यवस्था धड़ाम हो गई है। कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों के पास गुहार लगा चुके हैं लेकिन समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। फीडर के जेई जितेंद्र कुमार का कहना है कि क्षतिग्रस्त खंभों के स्थान पर नए खंभे लगाए जाने हैं। सामान और मजदूरों की समस्या के कारण देरी हो रही है। एसडीओ अभिषेक कुमार का कहना है कि एक दो दिन में बिजली व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी।