नो मास्क, नो एंट्री की शर्त संग खुला मॉल
उरई। सोमवार से मॉल भी खुल गए। हालांकि सोमवार सुबह नौ बजे से पांच बजे तक ही एक तरफ रोस्टर के अनुसार बाजार खुले। राजमार्ग स्थित मॉल के खुलते ही खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। हालांकि मॉल में प्रवेश से पहले ही हिदायत दी गई की नो मास्क-नो एंट्री। इसके बाद उनका मेन गेट पर ही तापमान लिया गया। इसके बाद ग्राहकों को सैनिटाइज किया गया और उनके रजिस्टर में नाम पते भी नोट किए गए। मॉल के मैनेजर नितिन सिंह ने बताया कि पूरे मॉल को खोलने से पहले सैनिटाइज किया गया। स्टाफ भी तीस प्रतिशत ही बुलाया गया है। साथ ही इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि मॉल के अंदर एक बार में कम से कम लोग मौजूद रहे।
अब तो कपड़े भी होंगे क्वारंटीन
उरई। यदि आप किसी मॉल में जाते हैं और ट्रायल रूम में जाकर कपड़े ट्रायल करते है और कपड़े आपको पसंद नहीं आते हैं तो आप उन्हें वापस कर देते है। ऐसे कपड़ों को क्वारंटीन किया जाएगा। ऐसे कपड़ों को अगले 48 से अधिक एक जगह सुरक्षित रख दिया जाएगा और उसे सैनिटाइज करने के बाद ही दोबारा बिक्री के लिए रखा जाएगा। जी हां, अब कपड़े भी क्वारंटीन किए जाएंगे। यह कवायद शापिंग मॉलों में ग्राहकों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए की जा रही है। राजमार्ग स्थित मॉल के मैनेजर नितिन सिंह बताते हैं कि फिलहाल ग्राहकों के लिए ट्रायल बंद कर दिया गया है। यदि किसी ग्राहक को कोई ड्रेस पसंद आ जाती है तो उससे पहले हामी भराई जाती है कि उसे खरीदनी ही पड़ेगी। यदि ड्रेस उसे फिट नहीं आती है तो ऐसी स्थिति में ग्राहक जो ड्रेस उतारकर देता है तो उस ड्रेस को दूसरे ग्राहकों को 48 घंटे तक नहीं दिया जाएगा। ग्राहक द्वारा पहनकर उतारा गया कपड़ा संक्रमित मानते हुए 48 घंटे के लिए क्वारंटीन (ग्राहकों की बिक्री से अलग) कर एक सुरक्षित स्थान पर रख दिया जाएगा। 48 घंटे बाद ही उसे फिर से बिक्री के लिए रखा जाएगा। जिला महिला अस्पताल के डॉ. एमके वर्मा का कहना है कि कोरोना वायरस अलग-अलग चीजों पर घंटों से लेकर कुछ दिनों तक सक्रिय रहता है। कपड़ों में भी 48 घंटे तक सक्रिय रहता है। ऐसे में संक्रमण की रोकथाम के लिए कपड़ों को सैनिटाइज किया जाना जरूरी होता है।
शहर में मॉल में ग्राहकों को सैनिटाइजकरता कर्मी- फोटो : ORAI