डीएम को ज्ञापन देने जाते आप कार्यकर्ता
- फोटो : ORAI
उरई। देश में चरमराती अर्थव्यवस्था व लगातार एक के बाद एक बैंकों के लोन डिफॉल्टरों से आम लोगों में आक्रोश है। गुरुवार को आम आदमी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता इस मुद्दे को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित छह सूत्री मांगपत्र डीएम डा. मन्नान अख्तर को दिया। उन्होंने देश के सभी बैंकों के डिफॉल्टर अरबपतियों को चिह्नित कर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
गुरुवार को आम आदमी पार्टी के दीनदयाल काका के नेतृत्व में उवैसी सिद्दीकी, पुष्पेंद्र राजपूत, आदित्य चतुर्वेदी, दीपक कुमार, जगदीश गुप्ता, संतोष कुमार गुप्ता, श्रद्धा चौरसिया, विजय अग्रवाल सहित दर्जनों कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने दिए ज्ञापन में मांग की कि पहले पीएमसी और अब यस बैंक के खाताधारकों पर लगी निकासी सीमा से सभी खाताधारकों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। उन्होंने मांग की कि बैंक डिफॉल्टरों की पहचान को सार्वजनिक किया जाए, बैैंक डिफॉल्टरों का पासपोर्ट जब्त किया जाए, लोन का पैसा तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, बैंक डिफॉल्टरों को भविष्य में किसी भी प्रकार का कोई लोन न दिया जाए, सरकार आम आदमी पैसा सुरक्षित होने की गारंटी दे और उनकी जरूरत के अनुसार खाते से पैसा निकालने की सुविधा दी जाए। जिससे की देश की अर्थव्यवस्था में सुधार हो सके।