उरई। आटा थानाक्षेत्र के परासन गांव में बुधवार की शाम मिले महिला के शव की शिनाख्त हो गई है। वह कदौरा थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार को कस्बा स्थित एक मंदिर में जाने की बात कहकर निकली थी। उसके बाद लापता हो गई थी।
पुलिस ने गुमशुदा महिलाओं के मामले को खंगाला तो पता चला कि कदौरा थाने में एक महिला की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए परिजन आए थे। परिजनों से संपर्क कर जब महिला के शव के पास मिला सामान दिखाया गया तो उन्होंने उनकी शिनाख्त कर ली। महिला के पति और बच्चों ने बताया मंगलवार को दोपहर एक बजे महिला मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। कुछ पता नहीं चला तो कदौरा पुलिस को सूचना दी। एसपी रवि कुमार ने बताया कि महिला की शिनाख्त हो गई है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
महिला की शिनाख्त होने के बाद अब पुलिस के लिए हत्या की गुत्थी को सुलझाना थोड़ा आसान हो गया है। पुलिस परिजनों से भी हर बिंदु पर पूछताछ कर रही है।
चार दिन के अंदर अकबरपुर इटौरा चौकी क्षेत्र में दो शव मिलने से चौकी पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों में चर्चा है कि चौकी पुलिस का ध्यान क्षेत्र से निकल रहे खनन के ट्रकों पर रहता है। इसी का फायदा अपराधी उठाकर वारदातों का अंजाम दे रहे हैं।