कदौरा। शासन के निर्देशानुसार कार्ड धारकों को एक अप्रैल से राशन बांटने का आदेश दिया था, इस पर राशन कार्ड धारकों की सुबह से ही भीड़ दुकानों पर लग गई, लेकिन मशीन न चलने के कारण कार्ड धारक घंटों परेशान रहे। इसकी सूचना नगर पंचायत ईओ व पूर्ति निरीक्षक को दी गई। सूचना पर पहुंचे जिम्मेदारों ने मशीनों को दुरुस्त करा कर राशन बांटा।
हरचंदपुर तिराहे पर बुधवार को धर्मेंद्र कृष्ण कुमार व मुख्य बाजार में विनोद कुमार की राशन की दुकान है, जहां पर सुबह से ही कार्ड धारक पहुंच गए और भीड़ लग गई। इन दुकानों में दो घंटे तक भी मशीन न चलने से राशन वितरण नहीं किया गया। मामले की शिकायत कार्ड धारकों ने नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह व पूर्ति निरीक्षक कमल सिंह को दी। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने मौके पर पहुच कर मशीनों को सही करवा कर अन्न बांटा और कार्ड धारकों को निर्देशित किया कि ज्यादा भीड़ न लगाए। साथ ही जिनको पर्ची मिले, वही राशन लेने आएं, ताकि व्यवस्था बनी रहे। नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि राशन विक्रेताओं की दुकानों पर पुलिस कर्मियों एवं नगर पंचायत कर्मियों को तैनात करा दिया है, ताकि राशन वितरण में किसी प्रकार की दिक्कत न हों। पूर्ति निरीक्षक कमल सिंह ने बताया कि नेटवर्क की वजह से परेशानी हुई थी, इसे ठीक करवा दिया गया है, साथ ही राशन विक्रेताओं को सुचारू रूप से वितरित करने के निर्देश दिए हैं।