उरई। मुंबई से कटिहार (बिहार) जा रही हॉलीडे स्पेशल के एसी कोच में शनिवार की रात बीना से झांसी के बीच चोरी हो गई। यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर घटना की जानकारी दी, तब तक ट्रेन उरई स्टेशन पहुंच चुकी थी। सूचना पर पहुंची आरपीएफ व जीआरपी ने पीड़ित यात्रियों से तहरीर ली।
मुंबई से कटिहार जाने वाली ट्रेन नंबर 09189 हॉलीडे स्पेशल के एसी कोच में चोरी हो गई। जीआरपी के थानाध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि बिहार के जिला अरवाल ग्राम तीरा निवासी रवि सिंह ने तहरीर दी कि वह पत्नी नीलू कुमारी के साथ एसी ए-वन कोच की सीट नंबर 38, 40 पर सूरत से दानापुर अपने घर परिवार में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रात दस बजे वह बाथरूम गए, तब ट्रेन बीना के आगे निकल चुकी थी।
बताया कि जब लौटकर आए तो बैग गायब था। कोच में बैठे दूसरे यात्रियों ने भी अपने सूटकेस चोरी होने की बात कही। इस पर तत्काल कोच कंडक्टर को जानकारी दी और रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर घटना के बारे में बताया। जब तक ट्रेन झांसी निकल चुकी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि रवि के मुताबिक, बैग में कपड़े, एक सोने की नाक की नथुनी और डेढ़ हजार रुपये नगद थे। जबकि उसके साथ यात्रा कर रहे दो अन्य यात्रियों के सूटकेस भी चोरी गए हैं। जिसमें ढाई लाख रुपये कैश बताया गया है। हालांकि उरई स्टेशन पर ट्रेन का कम ठहराव होने की वजह से सिर्फ दंपती ही तहरीर दे पाए।
थानाध्यक्ष जीआरपी ने बताया कि घटना झांसी के पास की है। इसलिए तहरीर लेकर उसे झांसी जीआरपी को भेज दी गई है। सीओ जीआरपी झांसी डॉ. नईम मंसूरी ने कहा कि हॉलीडे स्पेशल में चोरी की घटना की जानकारी नहीं है। अगर इस तरह की कोई घटना हुई है तो उसकी जांच की जाएगी।