उरई। शहर के उभरते हुए फिल्म निर्माता और कलाकार लवलेश सिन्हा ने खजुराहो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अपनी लघु फिल्म ''अनाथ'' के लिए अंतरराष्ट्रीय फिल्म अवॉर्ड जीतकर उरई और बुंदेलखंड का नाम गर्व से ऊंचा किया है। फिल्म के निर्माता लवलेश सिन्हा और निर्देशक डीके हैं। यह फिल्म समाज को जागरूक करने वाला संदेश देती है।
खजुराहो फेस्टिवल 5 से 11 दिसंबर तक खजुराहो में आयोजित हुआ था। गरीब परिवार में जन्मे लवलेश के पिता राजकुमार ने मेहनत-मजदूरी कर उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की। बचपन से ही फिल्मी दुनिया में रुचि रखने वाले लवलेश का सफर कठिनाइयों से भरा था, लेकिन उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें सफलता दिलाई।
लवलेश ने अब तक कई हिट फिल्में और वेब सीरीज बनाई हैं, जिनमें गॉड इज वन, द पीजी हॉरर, भाईजान, उरई जंक्शन, बुंदेली फिल्म बब्बा को डब्बा और वेब सीरीज कामाक्षी शामिल हैं। उनकी यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है। लवलेश ने घोषणा की है कि वह जल्द ही बुंदेलखंड में एक बड़ी फिल्म बनाएंगे, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को मौका मिलेगा। इस कदम से क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा और नई संभावनाएं मिलेंगी। (संवाद)