जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव के पहले चरण का मतदान शुक्रवार को हो गया। इसी के साथ माधौगढ़, रामपुरा व कुठौंद विकास खंड क्षेत्र की सात जिला पंचायत सीटों पर ताल ठोंक रहे 92 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया।
अब पहली नवंबर को मतगणना के बाद इनके भाग्य का निर्णय होगा। पहले चरण में माधौगढ़ विकास खंड क्षेत्र की हरौली जिला पंचायत सीट पर 13 व गोहन सीट पर 11 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे थे। इसी प्रकार रामपुरा विकास खंड क्षेत्र के मई जिला पंचायत सीट से 12 प्रत्याशी, जगम्मनपुर सीट से दस प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे।
कुठौंद विकास खंड क्षेत्र में सिरसाकलार सीट से 12, कुठौंद सीट से 12 व बावली सीट से 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इस प्रकार कुल 92 प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में किस्मत आजमाने के लिए डटे हैं। शुक्रवार को मतपेटियों में इनके भाग्य का फैसला बंद हो गया है।
सुबह के समय मतदान केंद्रों पर सन्नाटे के साथ मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। प्रत्याशियों ने सबसे पहले पीठासीन अधिकारियों से एजेंट बनवाए और इसके बाद मतदान शुरू हुआ। आखिरी समय तक प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए आग्रह करते रहे।
पहले चरण की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत अब प्रत्याशी समीक्षा में जुट गए हैं। सभी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान का रुझान जानने के लिए उत्सुक रहे। कई प्रत्याशी तो अपने-अपने समीकरण बताकर खुद की जीत पक्की भी बता रहे हैं। परिणाम एक नवंबर को आ पाएगा। इसके बाद ही प्रत्याशियों की राजनीतिक दिशा तय हो सकेगी।