जालौन। मजदूर के घर में गैस चूल्हे के पाइप में लीकेज से बुधवार की सुबह अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने किसी तरह गैस सिलिंडर को नली समेत बाहर निकालकर फेंका और दमकल को सूचना दी। आधा घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने आग पर काबू पाया। इस दौरान घर में रखा लगभग 40 हजार रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
क्षेत्र के ग्राम भिटारा में रामरतन मजदूरी करते हैं। बुधवार की सुबह महिलाओं ने चाय नाश्ता बनाने के लिए गैस चूल्हे के पास पहुंचकर जैसे ही आग जलाई आग लीकेज पाइप में लग गई। आग की चपेट में रसोई में रखे सामान के अलावा कपड़े आदि भी जल गए। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण जमा हो गए और परिवार की मदद की। लेखपाल स्वाति समेत राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया।