उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया पाठकपुरा स्थित एक मकान में सिलेंडर से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। आग से सारा सामान जल गया।
पाठकपुरा निवासी भगवान सिंह कुशवाहा ने बताया कि मंगलवार को घर में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। बुधवार को समापन को लेकर भंडारा बन रहा था, तभी अचानक गैस सिलेंडर लीकेज होने की वजह से आग लग गई। जब तक वहां लोग कुछ समझ पाते, इसके पहले आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जब घर में मौजूद अन्य लोगों को इसकी जानकारी लगी तो अफरातफरी मच गई। आग की खबर से इलाके के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की सूचना दमकल को दी और आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग है कि कम होने का नाम ही नहीं ले रही थी। सूचना के करीब आधे घंटे बाद पहुंची दमकल ने लोगों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक भंडारे के लिए रखा सामान जलकर स्वाहा हो गया। गनीमत यह रही कि समय पर आग बुझ गई, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था।