कोरोना के 24 केस मिले, संख्या पहुंची 2452
31 लोगों की जा चुकी जान, 2174 ठीक हुए, इस समय एक्टिव केस 247
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार की देर रात आई रिपोर्ट में जिले में 24 संक्रमित मिले हैं। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या 2452 हो गई है। इनमें 31 लोगों की मौत हो चुकी है। 2174 लोग ठीक हुए हैं। इस समय 247 एक्टिव केस हैं।
जिला प्रशासन की ओर से देर शाम जारी की गई सूची के मुताबिक संक्रमितों में मेडिकल कालेज का कर्मचारी भी शामिल है। इसके अलावा तीन पॉजिटिव मोहल्ला रामनगर और तीन राजेंद्रनगर के हैं। चार पॉजिटिव माधौगढ़ के चितौरा के रहने वाले हैं। पूल टेस्टिंग में पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शनिवार को कोरोना को मात देने वाले 21 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सीएमओ डॉ. अल्पना बरतारिया ने बताया कि जहां केस मिले हैं, वहां मोहल्लों को सैनिटाइज कराया जा रहा है। आज 396 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
आरपीएफ ने तीन को पकड़ा
उरई। रेलवे के सरकुटेलिंग एरिया में बिना अनुुमति के पोस्टर लगाने पर आरपीएफ ने मोहल्ला उमरारखेरा निवासी प्रदीप वाल्मीकि, आनंद वाल्मीकि व रामनगर निवासी जितेंद्र को पकड़ लिया। इनके खिलाफ रेलवे एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।