उरई। कौन बनेगा नन्हा कलाम की तीसरे वर्ष की वेबसाइट डीएम डा. मन्नान अख्तर ने मंगलवार को लांच की। डीएम ने डीआईओएस, बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला विज्ञान क्लब के नोडल अधिकारी को निर्देशित किया कि वह कक्षा छह से दस तक के छात्र-छात्राओं को इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करें और उनकी तैयारी कराए।
डीआईओएस भगवत पटेल ने बताया कि कौन बनेगा नन्हा कलाम के तीसरे वर्ष के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 5 अगस्त से शुरू है। जो 30 सितंबर तक चलेगी।
जूनियर स्तर पर कक्षा छह से आठ तक और सीनियर स्तर पर कक्षा 9 व 10 में पंजीकरण होगा। 30 सितंबर तक पंजीकरण कराए जा सकते है। इसके लिए माध्यमिक स्तर पर अनिल कुमार गुप्ता और शैलेंद्र निरंजन को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जबकि बेसिक शिक्षा स्तर पर ब्लाकवार नोडल अधिकारी बनाए गए है। जिसमें उदयवीर निरंजन को रामपुरा, माधौगढ़, अरविंद श्रीवास्तव को कुठौंद जालौन, अखिलेश व्यास को नदीगांव कोंच व अवनेंद्र मिश्रा को कदौरा, महेबा व डकोर ब्लाक की जिम्मेदारी दी गई है।
अभिभावकों व बच्चों से बेहतर तालमेल बनाएं
ई-पाठशाला सुचारु रुप से संचालित करने बीएसए ने दिए निर्देश
उरई। कोरोना संक्रमण के दौर में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से ई-पाठशाला चल रही है। बीएसए प्रेमचंद्र यादव ने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे अभिभावकों और बच्चों के साथ समन्वय बनाकर ई-शैक्षिक व्यवस्था को सुचारु रुप से संचालित करें।
बीएसए ने कहा कि स्कूल के व्हाइट्सएप ग्रुप से जुड़े कक्षावार, विषयवार, प्रति दिवस उपलब्ध कराई जा रही है। दैनिक शैक्षणिक सामग्री से बच्चों को अध्ययन के लिए प्रेरित करें। दूरदर्शन पर सुबह नौ बजे से एक बजे तक प्रसारित शैक्षणिक कार्यक्रम देखने के लिए बच्चों से कहें। आकाशवाणी पर सुबह 11 से 12 बजे तक शैक्षणिक कार्यक्रम प्रसारित होते है। दीक्षा एप डाउनलोड करें और मिशन प्रेरणा एप यूट्यूब चैनल पर प्रसारित वीडियो को बच्चों को नियमित देखने के लिए कहा। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि समस्या होने पर संबंधित शिक्षक से जानकारी कर समस्या का निदान कराए।