फोटो-28-बबीना प्रीमियर लीग में मैच खेलती कम्हरिया और कदौरा टीम। संवाद
कदौरा। बबीना प्रीमियर लीग में शुक्रवार को दर्शकों को जबरदस्त क्रिकेट देखने को मिला, जहां एक लीग मैच और पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला गया। दोनों ही मुकाबलों में कम्हरिया इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त दी। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों दिशा में कम्हरिया के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।
शुक्रवार को खेले गए लीग मैच में कैथरा इलेवन और कम्हरिया इलेवन आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर कम्हरिया इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 15 ओवर में कम्हरिया की टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। टीम की ओर से मनीष ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 11 छक्कों की मदद से शानदार 83 रन बनाए। 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैथरा इलेवन की पूरी टीम महज 9 ओवर में 63 रनों पर ऑल आउट हो गई। कम्हरिया के गेंदबाजों के सामने कैथरा के बल्लेबाज टिक नहीं सके। इस तरह कम्हरिया इलेवन ने लीग मैच में 97 रनों से जीत दर्ज की।
वहीं दिन का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला कम्हरिया इलेवन और मीसम कदौरा के बीच खेला गया। इस मैच में भी कम्हरिया इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन इस बार टीम की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही और पूरी टीम 11वें ओवर में 119 रनों पर ऑल आउट हो गई। कम्हरिया की ओर से राजू पाल ने सर्वाधिक 55 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मीसम कदौरा की टीम भी कम्हरिया के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं पाई और 10वें ओवर में 64 रनों पर ऑल आउट हो गई। कम्हरिया इलेवन के गेंदबाज आशीष यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और मीसम कदौरा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इस तरह कम्हरिया इलेवन ने क्वार्टर फाइनल मुकाबला 56 रनों से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। शानदार प्रदर्शन के लिए आशीष यादव को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मैच की अंपायरिंग की जिम्मेदारी दिनेश यादव और अरविंद कुमार ने निभाई। दोनों मुकाबलों में कम्हरिया इलेवन के दबदबे के साथ बबीना प्रीमियर लीग का रोमांच और भी बढ़ गया है।