उरई (जालौन)। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में प्रांतीय विज्ञान मेला एवं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्या भारती कानपुर प्रांत से जुड़े हमीरपुर, झांसी, बांदा, फतेहपुर, कानपुर, कन्नौज, जालौन, दिबियापुर (औरैया) समेत आठ जिले शामिल हुए। प्रतियोगिता में झांसी ने 46 अंकों के साथ चैंपियनशिप हासिल की।
खेलकूद प्रतियोगिता में 28 अंकों के साथ फतेहपुर दूसरे, 24 अंकों के साथ दिबियापुर (औरैया) व कानपुर संयुक्त रुप से तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा कानपुर को 18 अंक, जालौन को 15 अंक, बांदा को 13 अंक, हमीरपुर को पांच अंकों पर संतोष करना पड़ा। इस दौरान दौड़, गोलाफेंक और लंबीकूद जैसी प्रतियोगिताएं हुई। छात्र वर्ग में व्यक्तिगत चैंपियनशिप कन्नौज के अमित कुमार को मिली। झांसी की अनामिका दूसरे व सलोनी पाल कानपुर की तीसरे स्थान पर रही। 3000 मीटर किशोर वर्ग में अमित कन्नौज, 3000 मीटर तरुण वर्ग में राहुल दिबियापुर, 800 मीटर किशोर वर्ग दौड़ अमित कन्नौज, तरुण वर्ग में मिथुन फतेहपुर ने बाजी मारी। बालिका वर्ग में अनामिका झांसी, प्रियांशी पांडेय व सोनाली पाल दूसरे स्थान पर रही। वैदिक प्रश्न मंच में आकाश ने बाजी मारी।
नियमित अभ्यास से मिलती है सफलता
उरई। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एडीएम प्रमिल कुमार सिंह ने कहा कि जो नियमित अभ्यास करता है उसकी बुद्धि तीव्र होती है। प्रत्येक छात्र का यही लक्ष्य होना चाहिए कि वह अपने माता पिता के सपनों को पूरा करें। अध्यक्षता कर रहे मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. द्विजेंद्र नाथ ने कहा कि इस तरह की स्पर्धाओं से छात्र का विकास होता है। सकारात्मक सोच अपने अंदर लाएं। लगन आस्था तथा विश्वास से मंजिल पाया जा सकता है।
विद्या भारती के प्रदेश निरीक्षक आत्मानंद ने कहा कि कोरोना के संकट में हमारी गतिविधियां चलती रही। इस दौरान डीआईओएस भगवत पटेल, जिला युवा कल्याण अधिकारी शिवराम सिंह, संभाग निरीक्षक भगवान सिंह सेंगर, राधेश्याम द्विवेदी, सुनील ने भी विचार रखे। आभार प्रबंधक दिनेश चतुर्वेदी ने व्यक्त किया।
प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र त्रिपाठी ने अतिथियों का परिचय कराया। संचालन गोविंद श्यामजी ने किया। इस दौरान उमेश श्रीवास्तव, सीताराम शुक्ला, अमित पाठक, कामता प्रसाद त्रिपाठी, संतोष राय, शिवकुमार, रानी सोनी, प्रियंका, जगत नारायण आदि, लालजी सिंह आदि रहे।
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राएं।- फोटो : ORAI