उरई। डॉक्टर के घर में हुई लगभग 40 लाख की चोरी के बाद चोरों ने एक और बड़ी घटना को अंजाम दिया। रविवार रात चोरों ने इस बार सरकारी कर्मचारी के घर को निशाना बनाया है। सुशील नगर में रहने वाले जिला समन्वयक सोशल ऑडिट कुलदीप थापक रविवार को अपने पैतृक गांव गए हुए थे।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुशील नगर निवासी जिला समन्वयक सोशल ऑडिट कुलदीप थापक रविवार को अपने परिवार के साथ कैलिया थाना क्षेत्र के व्यौना गांव गए थे। रविवार की देर रात चोरों ने उनके मकान के गेट का ताला तोड़कर घर के कमरे में रखे अलमारी तोड़कर उसमें रखे लगभग 400 ग्राम सोने-चांदी के जेवर और लगभग डेढ़ लाख रुपये की नगदी सहित लगभग 20 लाख रुपये की चोरी कर ली।
चोरी की घटना की आसपास के लोगों को भनक नहीं लगी। जब परिवार सोमवार की सुबह घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। दरवाजे का ताला टूटा देख उन्हें अंदेशा हुआ। वे लोग अंदर पहुंचे तो अलमारी और बक्से टूटे पड़े थे। उसमें रखे सोने चांदी के जेवर और नगदी गायब थी।
चोरी की घटना की जानकारी थापक ने पुलिस को दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य एकत्रित किए। कुलदीप ने पुलिस को तहरीर दे दी है। कोतवाल शिव कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
सुशील नगर मोहल्ले में बीच बस्ती में हुई लाखों की चोरी की घटना से मोहल्ले के लोगों में दहशत है। उनका कहना है कि पुलिस कभी रात में गश्त करने नहीं आती। इसी का लाभ लेते हुए चोरों ने इतनी बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। शहर में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से लोग खासे परेशान हैं। पिछले शहर में हुई कई बड़ी चोरियों का अभी तक खुलासा न होने से चोरों के हौंसले बुलंद हैं। वह एक के बाद एक चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांति नगर निवासी बीएसएफ के जवान जगत सिंह के घर से 5 नवंबर को चोरों ने ताला तोड़कर एक किलो चांदी व सोने के जेवर, पचास हजार की नगदी सहित लगभग 20 लाख रुपये की चोरी हुई थी। डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक चोरी की घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। इसी तरह से कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले डॉक्टर के घर में चोरों ने 09 नवंबर की रात में लगभग 40 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दिया था। उस समय डॉक्टर विदेश घूमने गए थे। हालांकि पुलिस ने इस मामला का खुलासा दो दिन बाह ही कर दिया गया था।