चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान दिखाता गृहस्वामी।
- फोटो : ORAI
एट। छत के रास्ते दो घरों में घुसे चोरों ने बक्सों व अलमारी में रखे लाखों के जेवर व नगदी पार कर दी। सुबह जब परिवार के लोगों ने सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना पाकर थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। सूचना पाकर सीओ राहुल पांडेय भी मौके पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली।
एट थाना क्षेत्र के ग्राम सोमई में रविवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। सबसे पहले चोर छत के रास्ते राजकुमार पटेल के घर में घुसे और वहां से उन्होंने 18 हजार रुपये नगद, 4 जोड़ी पायल, एक सोने की अंगूठी पार कर दी। इसके बाद चोरों ने पड़ोस में रहने वाले संतोष पटेल के घर पर धावा बोला और एक सोने का हार, छह सोने की चूड़ियां, दो मंगलसूत्र व तीस हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। सुबह दोनों घरों मेें जब लोग जागे तो सामान बिखरा देख सन्न रह गए और चोरी की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। चोरी की जानकारी होने पर कुछ देर बाद ही क्षेत्राधिकारी कोंच राहुल पांडेय व थानाध्यक्ष मय पुलिस फोर्स पहुंचे। पीड़ित परिवारों के तहरीर के आधार पर मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। पीड़ितों के अनुसार, चोर जेवर व नकदी समेत पांच लाख का माल पार कर ले गए हैं। फिलहाल पुलिस ने तहरीर लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है और संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। सीओ राहुल पांडे का कहना है जांच पड़ताल की जा रही है कुछ संदिग्धों को पकड़ा भी गया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।