कालपी। बंद घर से चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने चांदी के जेवर सहित नकदी पार कर दी। गृहस्वामी पत्नी का इलाज कराने झांसी गए थे। पड़ोसियों ने खुला दरवाजा व सामान फैला देखकर पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली क्षेत्र के पुरानी कोतवाली के सामने मोहनलाल पत्नी सहित रहते हैं। कुछ दिन पहले उनकी पत्नी की कमर में फ्रैक्चर हो गया था। वह शनिवार को घर में ताला लगाकर पत्नी का इलाज कराने झांसी गए थे। इसके बाद रविवार रात उनके घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर व नकदी पार कर दी।
सुबह पड़ोसियों ने दरवाजे का टूटा ताला व कमरे में फैला सामान देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। उसके घर में कितनी चोरी हुई है, यह मोहनलाल के आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल फोन पर चोरी की जानकारी देने पर उन्होंने बताया कि घर में नकदी-जेवर रखे थे। कोतवाल नागेंद्र पाठक ने बताया कि गृहस्वामी घर पर नहीं थे। जांच पड़ताल की जा रही है।