डीएम को ज्ञापन देने जाते बिजली विभाग के जेई।
- फोटो : ORAI
उरई। पिछले सप्ताह बिजली चेकिंग के दौरान कुत्ते के झपट्टा मारने पर सुरक्षा गार्ड की बंदूक से चली गोली के मामले में एकतरफा कार्रवाई को लेकर जेई संगठनों में आक्रोश है। सोमवार को अधीक्षण अभियंता में धरना प्रदर्शन कर अवर अभियंताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने फर्जी मुकदमे को निरस्त कराने की मांग की।
बता दें कि रविवार को जालौन में बिजली चेकिंग के दौरान अचानक कुत्ते के झपट्टा मारने पर सुरक्षा गार्ड की दोनाली बंदूक से गोली चल गई थी। जिसके छर्रे उधर से गुजर रहे एक युवक को लगे थे। तब सुरक्षा गार्ड सहित बिजली विभाग की टीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इससे आक्रोशित जिला विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह, जिला प्रमुख रामू गुप्ता व जेई अभिषेक सहित दर्जनों कर्मचारियों ने पहले अधीक्षण अभियंता कार्यालय में प्रदर्शन किया और बाद में कलक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन दिया। उन्होंने मांग कर आरोप लगाया है कि कुछ बिजली चोरों को बचाने व चेकिंग अभियान को रोकने के लिए यह षड्यंत्र कर मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि एसडीओ की तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मांग की कि फर्जी मुकदमे को वापस लिया जाए और मुकदमा दर्ज कराने वाले मंगली प्रसाद के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।