उरई। भविष्य निधि घोटाले मामले को लेकर दूसरे दिन भी जेई संगठन का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। हालकि दूसरे दिन सभी अभियंताओं ने इमरजेंसी कार्य किया, जिससे जिले की बिजली व्यवस्था पटरी पर बनी रही। गुरुवार को भी अभियंताओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय में धरना प्रर्दशन किया।
भविष्य निधि घोटाले के मामले अधिकारी व कर्मचारी की हड़ताल के बाद जेई संगठन ने हड़ताल शुरू कर दी है। अभियंताओं की हड़ताल की वजह से जिले की बिजली में खासा असर पड़ा है। चार दिवसीय हड़ताल के तहत गुरुवार को भी जेई सुबह ड्यूटी के समय सुबह दस बजे अधीक्षण अभियंता कार्यालय में पहुंचे। यहां उन्होंने मांगों को लेकर नारेबाजी की और धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए जेई संघ के जिलाध्यक्ष सुमित साहू ने कहा कि सरकार ने एक निजी कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए उनके भविष्य से खिलवाड़ किया है। उन्होंने मांग की है कि कर्मियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार सुरक्षा की गारंटी का गजट जारी करे। जिससे कि बिजली कर्मियों का भविष्य सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि विरोध को लेकर सभी जेई 10 से 5 बजे तक हड़ताल पर रहेंगे, लेकिन आम उपभोक्ताओं को परेशानी न हो इसके लिए सभी जेई इमरजेंसी कार्य करते रहेंगे, जिससे व्यवस्था भी बनी रहे। इस अवसर पर जेई मोहन कृष्ण जगदीश वर्मा, पैश्वनीराम, आलोक खरे, संजीव कुमार आदि जेई उपस्थित रहे।