कुठौंद। मामा के घर पहुंचे जेसीबी चालक ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। वह तीन दिन पहले मामा के घर आया था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकलवाया और जांच शुरू की।
चुर्खी थाना क्षेत्र के अटराकलां गांव निवासी शिवा शाक्यवार (22) मामा कुठौंद निवासी सोनेलाल के घर तीन दिन पहले आया था। बृहस्पतिवार की रात वह घर के कमरे में सोने चला गया और उसने वहां फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो उसकी मामी अनामिका ने दरवाजा खटखटाया लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। किसी अनहोनी की आशंका के बाद घर वालों ने मोहल्ले वालों को मौके पर बुलाया और पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। परिजनों ने बताया कि शिवा की शादी नहीं हुई थी। वह जेसीबी चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। परिजन जान देने की वजह नहीं बता पा रहे हैं। कुठौंद थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी।