फोटो- 04 पकड़ी गई जेसीबी के साथ टीम। संवाद
कालपी। कदौरा ब्लॉक के ग्राम तिरही में सोमवार को नायब तहसीलदार ने छापेमारी कर मिट्टी के अवैध खनन में लगी एक जेसीबी को कब्जे में ले लिया। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही मिट्टी ढुलाई में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके से निकलने में कामयाब हो गए।
एसडीएम अमित शेखर को ग्राम तिरही में बिना अनुमति मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला को मौके पर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम के साथ पहुंचने पर खेत में जेसीबी से खोदाई होती मिली। प्रशासनिक अमले को देखकर मिट्टी ढो रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन लेकर भाग निकले, जबकि जेसीबी को कब्जे में लेकर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। एसडीएम अमित शेखर ने कहा कि शासन की ओर से किसानों को अनुमति लेकर 99 घन मीटर तक मिट्टी खनन की छूट दी गई है और इसके लिए कोई रॉयल्टी भी निर्धारित नहीं है, लेकिन कुछ लोग इस व्यवस्था का दुरुपयोग कर व्यावसायिक खनन कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। (संवाद)