कालपी में अज्ञात महिला का शव मिला, दुष्कर्म की आशंका
- फोटो : amar ujala
जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर से हमीरपुर मार्ग पर ग्राम बरखेरा में मुन्ना तिवारी के खेत के चकरोड पर एक 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से हडकंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक व पुलिस उपाधीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच साक्ष्य एकत्र किए।
अज्ञात महिला पैरों में नीला लाल धारीदार मौजा, लाल काला छींटदार प्लाजो, काली जैकेट, दाहिने हाथ में दो अंगूठी व कलावा, कान में टॉप्स व नाक में कील पहने है। महिला के सिर पर घाव हैं।
अभीतक शव की शिनाख्त नही हो सकी है। पुलिस महिला की शिनाख्त कराने में जुटी है। संभावना है कि महिला के साथ दुराचार कर उसकी हत्या कर शव फेंका गया है। फिलहाल अभी पुलिस जांच करने की बात कह रही है।