जालौन के कोंच में पांच दिन पहले मंदिर के तलघर में हुई हत्या में नामजद आरोपी ने कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा में रविवार को लोहे के तार से खुद को लहूलुहान कर लिया। पुलिसकर्मी उसे घायल हालत में लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 30 मार्च को रेंढ़र थाना क्षेत्र के सुलखना गांव निवासी रणजीत का शव जनकपुरी के पास स्थित मंदिर के तलघर में मिला था। उसकी ईट पत्थर से कुचलकर हत्या की गई थी। परिजनों ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इन्हीं में से एक हत्यारोपी श्यामू परिहार निवासी गोवर्धनपुरवा को पुलिस ने रविवार को पकड़ा। दोपहर के वक्त जब पुलिस उसे हवालात में बंद कर रही थी, तभी लोहे के तार के टुकड़े से खुद के शरीर पर वार कर लहूलुहान हो गया। श्यामू के हाथ, गले और प्राइवेट अंगों में जख्म बताए गए हैं।
ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ राहुल पांडे ने बताया कि रणजीत की हत्या श्यामू ने अकेले की थी। उसकी हरकत से आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का भी मामला दर्ज किया जाएगा। लापरवाह पुलिसकर्मियों की भी जांच कर उनपर भी कार्रवाई की जाएगी। श्यामू फिलहाल खतरे से बाहर है। तार उस तक कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच कराई जा रही है।