उरई (जालौन)। मेडिकल कालेज में कोविड मरीजों के तीमारदार ने एंबुलेंस चालक पर वसूली का आरोप लगाया। इतना ही नहीं नाराज तीमारदारों ने हंगामा कर जाम लगाने का भी प्रयास किया। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने परिजनों को किसी तरह समझाबुझा कर शांत कराया। हालांकि मेडिकल कालेज प्रबंधन ने तीमारदारों के आरोपों को गलत बताया है।
मंगलवार की दोपहर मोडिकल कालेज में भर्ती कोविड मरीज की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को श्मशान शमसान घाट ले जाने के लिए घंटों भटकते रहे। काफी देर बाद उन्हें जब एक एंबुलेंस मिली भी तो उसके चालक ने तीमारदारों के सामने एक हजार रुपये की मांग कर दी। इसे लेकर मरीज के परिजनों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने मेडिकल कालेज के गेट पर जाम लगाने की कोशिश की। इस पर मेडिकल कालेज चौकी पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस संदर्भ में मेडिकल कालेज के प्राचार्य डी नाथ का कहना है कि वसूली का आरोप गलत है। हकीकत में एंबुलेंस किसी दूसरे के शव को छोडने गई थी, इस कारण उसे आने में देरी हुई। जिस पर तीमारदारों ने एंबुलेंस चालक के साथ मारपीट भी की।