जालौन। नगर क्षेत्र के मोहल्ला रावतान निवासी किसान हरिश्चंद्र सिंह व नरेंद्र कुमार ने डीएम डॉ. मन्नान अख्तर को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि उनकी कृषि योग्य भूमि जालौन सीमा से जुड़ी मौजा धौराखेड़ा में है। वर्तमान में लघु सिंचाई विभाग द्वारा उक्त स्थान पर चैकडेम बनवाया जा रहा है। जबकि उक्त स्थान से मात्र 300 मीटर की दूरी पर पहले से ही चैकडेम बना हुआ है। साथ ही सरकारी बोरिंग व जल नियंत्रण के लिए रपटा भी बना है।
विभाग के ठेकेदार मनमाने तरीके से बिना किसी चिन्हांकन व पैमाइश के उनकी कृषि योग्य भूमि से मिट्टी उठा रहे हैं। जिससे खेत में कई गहरे गड्ढे हो गए हैं। यही नहीं उनके खेत में नाली भी बना दी गई है। जिससे वह कृषि कार्य नहीं कर पा रहे हैं। जब वह ठेकेदार को मिट्टी उठाने से मना करते हैं तो वह धमकाने लगते है। पीड़ित किसानों ने बताया कि उनकी आय का एकमात्र साधन उक्त कृषि योग्य भूमि ही है। मिट्टी उठाने के लिए भूमि का चिन्हांकन कर पैमाइश कराई जाए। उसके बाद ही मिट्टी उठाने का कार्य किया जाए एवं उनको हुई क्षति का मुआवजा भी दिलाया जाए।
बिना मास्क के आए लोगों को बैंक से लौटाया
जालौन। कोतवाल व चौकी इंचार्ज ने सोमवार को नगर में स्थित बैंकों का निरीक्षण करने साथ ही बैंक में आए लोगों से पूछताछ की। बैंक के बाहर खड़े लोगों की लाइन लगवाकर उनके बीच सामाजिक दूरी कराई। कोतवाल रमेशचंद्र मिश्रा व चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित ने सोमवार को नगर में स्थित एसबीआई, एचडीएफसी, एक्सिस, पीएनबी, सेंट्रल बैंक, इलाहाबाद बैंक, आर्यावर्त बैंक आदि में चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने बैंक में आए लोगों से उनके काम के संबंध में जानकारी ली। निर्देश दिए कि काम होने के बाद वह तुरंत अपने घरों को जाए। उन्होंने बैंक में अनावश्यक रूकने से मना भी किया। बैंक के बाहर तैनात गार्डों को निर्देश दिए कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखता है तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। बैंक के बाहर पास पास खड़े लोगों को उन्होंने कोरोना के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि इस बीमारी का एक ही बचाव है कि सामाजिक दूरी का पालन करें और मुंह पर मास्क अथवा गमछे का प्रयोग करें। इस दौरान बैंक में बिना मास्क लगाए लोगों को उन्होंने वापस घर लौटा दिया।
तीन दुकानदारों पर अर्थदंड लगाया
जालौन। जनपद में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। फिर भी लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह नजर आ रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस व प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित द्वारा चलाए गए अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले तीन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही बिना मास्क बाजार में घूम रहे 15 युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नियमों की अनदेखी करने पर पुलिस ने दुकानदारों व बिना मास्क पहने युवकों से लगभग 4 हजार रुपये अर्थदंड भी वसूला।