जालौन के प्रकाश को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देते डीआईओएस भगवत पटेल व अन्य
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। इंदिरा स्टेडियम में खेले जा रहे अंडर 19 नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के पूल ए के आखिरी मैच में मुंबई की टीम को जालौन की टीम से हार का सामना करना पड़ा। जालौन की टीम ने सात विकेट से मैच जीत लिया।
टास जीतकर मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन टीम का कोई भी खिलाड़ी अपनी लय में बैटिंग करता नजर नहीं आया। जिस कारण मुंबई टीम के विकेट लगातार गिरते रहे। जालौन टीम के गेंदबाज सैफुद्दीन ने शुरूआती ओवर में दो बल्लेबाजों को क्लीन बोल्ड कर मुंबई को बैकफुट पर ला दिया। इसके बाद बल्लेबाज सचिन पांडेय 18, जयेश गायकवाड़ 11 और मानस 10 रन ही बना सके।
पूरी टीम सिर्फ 85 रन बना पाई। जालौन की ओर से सैफुद्दीन और आदित्य ने तीन-तीन और यशवर्द्धन ने 2 विकेट चटकाए।
इसके बाद बल्लेबाजी को उतरी जालौन टीम की शुरूआत आक्रामक रही। पहले सर्किल नियम का फायदा उठाकर गेंद को बाउंड्री लाइन पहुंचाया गया। प्रकाश शर्मा ने कई अच्छे स्ट्रोक खेलकर 57 रन बनाए। इसके अलावा असित पिपरैया ने 16 रन का योगदान दिया। हर्षवर्द्धन सस्ते में आउट हुए। जालौन की टीम ने 16 वें ओवर में ही तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
मुंबई की ओर से तीनों विकेट आर्यन ने प्राप्त किए। जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल ने मैन आफ द मैच के पुरस्कार से प्रकाश को सम्मानित किया। इसके पूर्व डीसीए के अध्यक्ष डॉ देवेंद्र कुमार ने दोनों टीमों का परिचय प्राप्त किया। अंपायरिंग आले हसन और डॉ राकेश द्विवेदी ने की। इस दौरान सुरेश निरंजन भइया जी, सचिव विकास शर्मा, क्रीड़ाधिकारी रईस अख्तर, कोच फिरोज अंसारी, नीरज पाठक, श्रीकांत आदि मौजूद रहे।