उरई । डीसीए जालौन की ओर से पुलिस लाइन क्रिकेट ग्राउंड पर 6वां ऑल इंडिया चीफ जस्टिस जगदीश भल्ला मेमोरियल अंडर-23 क्रिकेट लीग टूर्नामेंट का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। जालौन ने फिरोजाबाद को 18 रन से हराया। उन्नाव ने आगरा को छह विकेट से हराया।
उद्घाटन मैच का फीता काटकर और टॉस कराकर शुभारंभ जिला जज ब्रिजेंद्र कुमार सिंह ने किया। लीग के पहले लीग मुकाबले का शुभारंभ एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस मैच में डीसीए जालौन (रेड) ने डीसीए फिरोजाबाद को 18 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसीए जालौन की टीम ने 17.4 ओवर में 175 रन बनाए। कप्तान सचिन मिश्रा ने 38 गेंदों में 55 रन, सागर ने 36 व उदय यादव ने 46 रन जोड़कर स्कोर को मजबूत किया। फिरोजाबाद की ओर से राहुल यादव ने 4 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए फिरोजाबाद की टीम 18 ओवर में 9 विकेट पर 157 रन ही बना सकी। उदय यादव ने 46 रन व आकाश ने 35 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। जालौन (रेड) की ओर से राहुल यादव, दिव्यांश यादव व आशुतोष पांडेय ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
दूसरे मुकाबले में डीएसए उन्नाव ने डीसीए आगरा को 6 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आगरा की टीम 17 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। आगरा की ओर से सुमित ने 42, लक्ष्य सिंह राठौर ने 30, गोपाल चाहर ने 26 रनों की उपयोगी पारी खेली। उन्नाव के गेंदबाज शिव राठौर ने 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि रोहित और फैजान खान को 2-2 सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएसए उन्नाव की टीम ने 17.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 144 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया।
उन्नाव की जीत में एस त्रिपाठी की 58 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी निर्णायक रही। फैजान खान ने 33 रन बनाए, कप्तान नवरत्न राजपूत 25 रन बनाकर नाबाद रहे। अरमान खान ने 10 गेंदों में 23 रन की पारी खेली। इस दौरान यूपीसीए के निदेशक श्यामबाबू, सचिव विकास कुमार शर्मा ,विनय कुमार सिंह,अभय सिंह, रिक्की सिंह, सागर यादव आदि रहे।