जालौन निवासी 109 वर्षीय रामदुलैया कोविड वैक्सीन लगवाने के बाद चर्चा में आईं थी। पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में उन्हें मां कहकर संबोधित किया था। आज पंचायत चुनाव में वोट डालने के बाद वो एक बार फिर चर्चा में हैं।
जालौन तहसील क्षेत्र के वीरपुर गांव निवासी 109 वर्षीय रामदुलैया जब अपने परिजनों के सहारे पोलिंग बूथ पहुंची तो सभी की निगाहें उन्हीं पर टिक गई। ठीक से चलने, देखने और सुनने में असमर्थ रामदुलैया का चुनाव के प्रति उत्साह देख सभी ने उनकी एक बार फिर से प्रशंसा की।
विज्ञापन
बता दें कि रामदुलैया अब तक देश की सबसे अधिक उम्र की महिला है, जिन्होंने कोविड वैक्सीन ली है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने मन की बात कार्यक्रम में रामदुलैया को मां कहकर उनके हौसले की प्रशंसा की थी।
राम दुलैया का कहना है कि वोट देना हर नागरिक का अधिकार है, सरकार हमारे लिए ही बनती है और हम ही उसे बनाने में अपनी भूमिका नहीं निभाएंगे तो गलत बात होगी।