फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: उद्योग बंधु की बैठक में उठा काशीखेड़ा रोड का मुद्दा

विज्ञापन
फोटो - 18 उद्योग बंधु की बैठक में मौजूद अधिकारी व व्यापारी। संवाद
विज्ञापन
उरई। विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में गुरुवार को आयोजित उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की संयुक्त बैठक में जहां उद्योगों और व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। कालपी औद्योगिक क्षेत्र की काशीखेड़ा तक जाने वाली सड़क का मुद्दा प्रमुखता से उठा। बैठक में व्यापारियों और उद्यमियों ने अधूरी आधारभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
विज्ञापन


हाथ कागज उद्योग समिति के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी ने कहा कि कालपी औद्योगिक क्षेत्र से काशीखेड़ा तक सड़क निर्माण का मामला लंबे समय से लंबित है। सड़क के अभाव में उद्योगों को आवागमन और परिवहन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव कार्ययोजना में शामिल है, लेकिन अभी तक इसके लिए बजट स्वीकृत नहीं हो सका है।
बैठक के दौरान उरई स्थित तालाबों की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा। इस पर अधिकारियों ने नगर पालिका से कार्रवाई की अपेक्षा जताई। ईओ नगर पालिका राम अचल कुरील से तालाब के किनारे बने अवैध मकानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
विज्ञापन

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 29 जून को भामाशाह जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में व्यापार कर विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 20 व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा। व्यापारिक संगठनों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे व्यापारियों के सम्मान और प्रोत्साहन से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि उद्योग और व्यापार जनपद की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं तथा उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने व्यापारियों की सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, सीओ राजीव कुमार, उपायुक्त उद्योग धर्मेंद्र भास्कर, उपायुक्त राज्य कर अमित यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्योगपति एवं व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें