उरई। वजन दिवस पर जिले भर के 1814 आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों के वजन और आयु के आधार पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उनका चिह्नीकरण किया गया।
शहर में वार्ड नंबर 18 मोहल्ला पटेलनगर में एडीएम प्रमिल कुमार सिंह ने वजन दिवस का शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र पर आए हुए बच्चों का वजन कराया और उनके वजन के अनुसार उनको श्रेणी में विभाजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुपोषित बच्चे हरी श्रेणी में कुपोषित बच्चे पीली श्रेणी में और लाल श्रेणी में अतिकुपोषित बच्चे रहेंगे। शत प्रतिशत बच्चों का वजन कराना सुनिश्चित किया जाए। सीडीपीओ विमलेश आर्या ने बताया कि शहर के सभी केंद्रों के अलावा पूरे जिले में वजन दिवस आयोजित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी गुलाब सिंह ने बताया कि जिले के सभी नौ ब्लाकों में पांच साल तक के 1.35 लाख बच्चों के सापेक्ष 1.29 लाख बच्चों स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वजन दिवस की निगरानी के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की ब्लाकवार ड्यूटी लगाकर मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई।