उरई। उरई से झांसी जाने वाली मालगाड़ी का भुआ रेलवे स्टेशन पर एक्सल (पहिए की बियरिंग) गर्म हो गया। इसके चलते उरई स्टेशन पर खड़ी लखनऊ से झांसी जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को करीब 40 मिनट रोका गया। इस दौरान इंटरसिटी के यात्रियों ने ट्रेन को देर तक रोके जाने पर नाराजगी जताई। रेलकर्मियों के समझाने पर यात्री शांत हुए।
शुक्रवार की रात उरई से झांसी जाने वाली 42 डिब्बों की मालगाड़ी का 17 नंबर का डिब्बे का एक्सल हॉट हो गया। इससे डिब्बे से धुआं आने लगा। उरई भुआ स्टेशन के बीच किसी गेटमैन ने डिब्बे से धुआं निकलने की सूचना भुआ स्टेशन को दी। इस पर मालगाड़ी को भुआ स्टेशन पर 7.40 बजे पर रोक दिया गया।
साथ ही इसकी जानकारी कंट्रोल रूम झांसी और उरई स्टेशन के रेल अधिकारियों को दी गई। भुआ स्टेशन पर मालगाड़ी में आई खराबी के कारण लखनऊ से झांसी जाने वाली ट्रेन नंबर 11110 इंटरसिटी एक्सप्रेस को उरई स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर रोक दिया गया।
जब ट्रेन निर्धारित स्टापेज के बाद आगे नहीं बढ़ी तो यात्रियों ने नाराजगी जताई। बाद में कर्मचारियों ने यात्रियों को समझाया कि भुआ स्टेशन के पास एक मालगाड़ी में दिक्कत आ गई है। उसे ठीक होने के बाद ट्रेन रवाना होगी। इसके चलते इंटरसिटी एक्सप्रेस उरई स्टेशन पर रात 8.09 बजे से 8.49 बजे तक करीब 40 मिनट अतिरिक्त खड़ी रही। उधर भुआ स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी का 17 नंबर डिब्बा ट्रेन से अलग कर दिया गया।
इसके बाद मालगाड़ी को फिर से शंटिग कर तैयार करने के बाद करीब दो घंटे बाद गंतव्य की ओर रवाना किया गया। ड्यूटी पर तैनात प्रभारी स्टेशन अधीक्षक पीके निरंजन का कहना है कि भुआ स्टेशन पर मालगाड़ी में खराबी आने के चलते उरई में इंटरसिटी एक्सप्रेस को कुछ समय के लिए रोका गया था।