उरई। कानपुर-लखनऊ रेलखंड के जैतीपुर स्टेशन पर ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते झांसी से लखनऊ जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों को रोककर चलाया जा रहा है। इस वजह से यात्रियों को एक सप्ताह से परेशानी हो रही है।
रविवार को झांसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दो घंटे देरी से आई। इंटरसिटी को 10 मिनट अतिरिक्त रोककर चलाया गया। मुंबई से लखनऊ जाने वाली एक स्पेशल ट्रेन को 10 मिनट रोककर चलाया गया। पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस, मुंबई कटिहार एक्सप्रेस, पनवेल गोरखपुर व मुंबई सीतापुर एक्सप्रेस को 10 मिनट अतिरिक्त रोककर चलाया गया। इसके अलावा इन ट्रेनों को कालपी, पुखरायां, कानपुर सेंट्रल पर भी रोककर चलाया गया।
गोरखपुर से लखनऊ के रास्ते झांसी की ओर जाने वाली ट्रेनें साढ़े सात घंटे से अधिक देरी से आईं। इसमें गोरखपुर से हैदराबाद डेक्कन एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से साढ़े सात घंटा देरी से आई। इसके अलावा गोरखपुर से तिरुवनंतपुरम जाने वाली राप्तीसागर एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटा देरी से आई। बरौनी से ग्वालियर जाने वाली छपरा मेल पांच घंटा, गोरखपुर से पनवेल जाने वाली पनवेल एक्सप्रेस डेढ़ घंटा देरी से आई। इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों का कहना है कि लगातार कई दिनों तक ट्रेनों को रोककर चलने से परेशानी हो रही है।
इसके अलावा अपने गंतव्य तक तक कई घंटे देरी से पहुंच रहे हैं। इस वजह से दिन की जगह रात में पहुंचने से परेशानी हो रही है। झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह का कहना है कि ट्रैक मरम्मत का काम अंतिम दौर में चल रहा है। काम समाप्त होते ही यात्रियों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा।