माधौगढ़। नवागंतुक जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने तहसील का मुआयना किया। भू अभिलेखाकार का फीता काटकर शुभारंभ किया। दीवार पर थूकने पर नाराजगी जताते हुए एसडीएम को ऐसे लोगों से जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए।
डीएम ने रविवार की दोपहर तहसील पहुंचकर एसडीएम कार्यालय का मुआयना किया। पहले ही निरीक्षण में डीएम ने तेवर दिखाए। उन्होंने बकायेदारों के लिए बने अधूरे बंदीगृह को पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील की बाउंड्रीवाल बनवाने की बात कही। तहसील रोड की जगह पर दुकानें बनवाने के लिए तहसीलदार से कहा। तहसील में अधिवक्ताओं के लिए पक्के बने चैंबर की साफ-सफाई करवाने को कहा। डीएम ने तहसीलदार प्रेमनारायण प्रजापति से घरौनी के बारे में जानकारी चाही। तहसीलदार ने वताया कि तहसील क्षेत्र के अंतर्गत 256 गांव आते हैं। इसमें मात्र 17 गांव की घरौनी रह गई है। पांच दिन में घरौनी का कार्य पूरा करा दिया जाएगा।
डीएम ने एसडीएम से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मिलें। साथ ही पंचायत चुनाव के मद्देनजर बूथों का निरीक्षण करें, शौचालय, पानी, बिजली की भी व्यवस्था देखें। इस दौरान एडीएम प्रमिल कुमार सिंह, एसडीएम सालिकराम, सीओ वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, बीडीओ माधौगढ़ दीपक कुमार, बीडीओ रामपुरा ओमप्रकाश द्विवेदी, बीडीओ कुठौंद संदीप कुमार, नगर पचांयत अध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता आदि रहे।
उधर, जनपद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद डीएम प्रियंका निरंजन ने नगर पंचायत रामपुरा व कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया और गोवंश के नियमित चिकित्सीय परीक्षण कराने के निर्देश दिए। डीएम ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर अभिलेखों को बारीकी से देखे। साफ-सफाई की व्यवस्था में उपयोग उपकरणों की जानकारी मांगी। ईओ राजीव कुमार ने पानी लीकेज की समस्या बताते हुए कहा कि जलकल नगर पंचायत के अधिकार क्षेत्र में नहीं हैं। फिर भी नगर पंचायत पेयजल से जुड़ी समस्या का निस्तारण कर रही है।
चेयरमैन शैलेंद्र सिंह ने गोशाला की आय के बारे में डीएम को जानकारी दी। बताया कि गोशाला में गायों के दूध से 2 लाख के लगभग आय हुई हैं। इससे भूसा मशीन भी खरीदी गई है। गोशाला से गोबर खाद भी बेची जा रही हैं। अभी 50 हजार रुपये के लगभग की आय गोबर खाद बेचकर की जा चुकी हैं। उन्होंने गोवंश का रूटीन स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। डीएम ने एसडीएम सालिकराम से कहा कि नगर पंचायत का सीमा विस्तार हुआ हैं। सरकारी जमीन का चिह्नीकरण कर अपनी जमीन सुरक्षित करें। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान एसडीएम सालिकराम, थाना प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा आदि रहे।