फोटो-24 पीएचसी बघौरा में मरीज देखते सीएमओ डॉ. डीके भिटौरिया। संवाद
उरई। जिले में रविवार को 33 ग्रामीण व सात शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान 1854 मरीजों को देखा गया। आटा पीएचसी में सीएमओ ने डॉ.डीके भिटौरिया ने दवाओं के रखरखाव और स्टोर बुक दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
सीएमओ सुबह 11 बजे आटा स्थित पीएचसी में चल रहे स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण करने पहुंचे। स्टाफ मौजूद मिला, फार्मासिस्ट श्रीकांत अवकाश पर थे। निरीक्षण के समय तक 30 मरीज देखे गए थे। दवाओं का रखरखाव व स्टोर बुक दुरुस्त रखने को कहा गया। दोपहर 12:10 बजे पीएचसी बघौरा के निरीक्षण के दौरान चिकित्सक डॉ.अरिसूदन व होम्योपैथी चिकित्सक निधि शुक्ला समेत स्टाफ मौजूद मिला। एक एलटी सौरभ मिश्रा छुट्टी पर थे।
सीएमओ निरीक्षण को पहुंचे तो एसीएमओ डॉ.वीरेंद्र सिंह अस्पताल में मौजूद थे। सीएमओ ने मरीज देखे। एक मरीज में टीबी के लक्षण मिलने पर उसे सोमवार को टीबी अस्पताल जाकर एक्सरे व बलगम की जांच कराने की सलाह दी।
30 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। बुखार पीड़ित 124 रोगियों में 20 की मलेरिया कार्ड से जांच की गई। एक की हेपेटाइटिस जांच की गई तो 31 की आंखों का परीक्षण किया गया। 59 गर्भवती महिलाओं की भी जांच की गई। मेले में 276 लिवर, 167 श्वसन संबंधी समस्याओं के मरीज पहुंचे। 114 डायबिटीज के रोगी आए। सबसे अधिक 295 त्वचा संबंधी रोगों के मरीज आए। 20 रोगियों में खून की कमी व 67 उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीज देखकर इलाज दिया गया।