कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते कमिश्नर के राममोहन राव।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में दौरा करने के बाद शनिवार को कमिश्नर ने मुख्यालय स्थित कलक्ट्रेट सभागार में अफसरों की बैठक ली। इसमें उन्होंने विधानसभा चुनाव को लेकर अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही अति संवेदन व संवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई
करने के लिए कहा। ये भी स्पष्ट किया कि आयोग की मंशानुसार चुनाव कराए जाएंगे। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2017 की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में कमिश्नर ने कहा कि आयोग का सख्त निर्देश है कि विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से हों। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील व
अति संवेदनशील बूथों पर निगाह रखी जाए। वहीं कड़ाई के साथ आचार संहिता का पालन कराया जाए। जो इसका उल्लंघन करे, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। कमिश्नर ने कहा कि शस्त्रों को तेजी के साथ जमा कराएं। डीआईजी शरद सचान ने कहा कि सभी क्षेत्राधिकारी अपने अपने क्षेत्रों मेें कानून व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए सतर्क रहें। अपराधियों पर पैनी
नजर रखी जाए। डीएम संदीप कौर ने अब तक चुनाव में संबंधित की गई कार्रवाई की जानकारी दी। इस मौके पर एसपी राकेश सिंह, एडीएम राकेश कुमार, एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य, नगर मजिस्ट्रेट के अलावा सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।