फोटो - 08 मृतक गोपाल की फाइल फोटो।
सिरसा कलार। कार की टक्कर से सड़क पार कर रहा मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे पीएचसी पहुंचाया, यहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह घर के सामने स्थित दुकान से कोल्डड्रिंक लेने जा रहा था। घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग गया।
सिरसाकलार कस्बा निवासी अमित पाल सिंह का बेटा गोपाल (06) बुधवार की सुबह दस बजे घर के सामने सड़क पार करके कोल्डड्रिंक लेने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी और चालक कार लेकर भाग गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि पिता अमित उरई के मोहल्ला सुशील नगर में किराये के मकान में रहते हैं। गोपाल ज्ञान देवी विद्या मंदिर में पढ़ाई कर रहा था। बताया कि अमित के भाई सुमित की सोमवार को शादी थी। मंगलवार को बरात विदा होकर घर लौटी थी। परिजन घर में खुशियां मना रहे थे, तभी किसी ने चिल्लाकर कहा कि गोपाल हादसे का शिकार हो गया। मासूम की मौत से मां बेबी व बड़े भाई कार्तिक व कृष्णा रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी पीके सिंह का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन व चालक का पता लगाया जा रहा है।
चाचा के साथ बरात गया था गोपाल
गोपाल अपने भाई बहनों के साथ उरई में रहता था। पिता यहां गाड़ी चलाते हैं। सोमवार को शादी होने पर गोपाल के पिता अमित कुछ दिन पहले पूरे परिवार के साथ गांव पहुंच गए थे। सोमवार को गोपाल अपने चाचा की बरात में गया था। वह चाचा के साथ ही दिन में व रात भर रहा। सुबह विदा होने के बाद वह घर आया। बुधवार को वह परिजनों से रुपये लेकर दुकान पर कोल्डड्रिंक लेने जा रहा था, तभी हादसा हो गया।