उरई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष पर जिला खेल कार्यालय के तत्वाधान में जनपद स्तरीय बालक व बालिका वर्ग की हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन इंदिरा स्टेडियम में किया गया। फाइनल मैच में इंदिरा स्टेडियम की टीम विजेता रही।
मंगलवार को शुरू हुईं प्रतियोगिता का शुभारंभ क्रीड़ा सचिव माध्यमिक शिक्षा महेंद्र पाल पटेल ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया। हैंडबॉल प्रतियोगिता में विद्यालयों व स्टेडियम की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रथम सेमी फाइनल मैच में इंदिरा स्टेडियम उरई, आचार्य नरेंद्र इंटर कॉलेज उरई की टीमों के मध्य खेला गया। इसमें स्टेडियम की टीम 5- 3 से विजय रही। दूसरा सेमीफाइनल सनवैली पब्लिक स्कूल व जनता विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के टीमों के बीच खेला गया। इसमें जनता विद्या मंदिर की टीम 5- 2 से जीतकर फाइनल में प्रवेश कर गई।
फाइनल मैच जनता विद्या मंदिर इंटर कॉलेज व स्टेडियम उरई की टीमों के बीच खेला गया। इंदिरा स्टेडियम की टीम 13-6 से विजेता रही। स्टेडियम की टीम से आयन ने पांच, सतीश वर्मा ने दो, अजय ने दो, आदित्य ने 02, शादाब ने 02, आनंद ने 01 गोल किया। खेल का संचालन क्रीड़ा अधिकारी शैलेंद्र कुशवाहा ने किया। निर्णायक की भूमिका राहुल सिंह, दिव्यांश, पल्लवी महेंद्र नाथ पटेल, सुरेंदर कौर, मुकेश भारती आदि ने किया।