उरई। ग्वालियर के रतावाई गांव में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती और बेटी को राैंद दिया। हादसे मेें माधाैगढ़ के कुराैती गांव निवासी चंद्रपाल जाटव (45), पत्नी राजश्री जाटाव (40) और उसकी बेटी अर्पिता (18) की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार को अर्पिता की जेईई (मेन) परीक्षा थी। बेटी को परीक्षा केंद्र तक छोड़ने के लिए पूरा परिवार बाइक से ग्वालियर के बिजौली क्षेत्र स्थित रतावाई गांव में बने बीबीएम कॉलेज परीक्षा केंद्र जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक डंपर के नीचे जा फंसी। पहियों के नीचे कुचलने से पति-पत्नी और उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गांव में भाई विनय और सत्यम ने बताया कि अर्पिता पढ़ाई में बेहद मेधावी थी और इंजीनियर बनने का सपना संजोए हुए थी। जेईई जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा देने जा रही छात्रा की असमय मौत से हर आंख नम है। जिस बेटी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाकर लौटना था, उसी के साथ माता-पिता की भी जिंदगी थम गई।
हादसे की खबर जैसे ही कुरौती गांव पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया। घर-घर मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।