उरई। पुलिस ने शुक्रवार को अवैध असलहा फैक्टरी में छापा मारकर काफी मात्रा में अधबने तमंचे, कारतूस और उपकरण बरामद किए हैं। पकड़े गए लोगों पर कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया। इस मामले का खुलासा शुक्रवार को एएसपी असीम चौधरी ने पुलिस लाइन सभागार में किया।
एएसपी असीम चौधरी ने बताया कि आटा थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के बरदर गांव स्थित धर्मदास की बगिया के पीछे संचालित अवैध असलहा फैक्ट्री पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान रिरुआ निवासी धर्मदास और करमेर गांव निवासी हरी सिंह उर्फ भूरा को पकड़ लिया। मौके से पुलिस को 315 बोर के दस तमंचे, 12 बोर की अधबनी अधिया, एक अधबना तमंचा 315 बोर, चार कारतूस 315 बोर, पांच खोखा, 315 बोर, दो कारतूस 12 बोर और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए। पकड़े गए लोगों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह लोग काफी समय से अवैध शस्त्र बनाकर आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करते थे। अभियुक्तों ने बताया कि वे निकाय चुनाव को लेकर अवैध असलहे बना रहे थे। एक तमंचा पांच से सात हजार रुपये का बिकता है।
पकड़े गए अभियुक्त धर्मदास पर आटा थाना में गुंडा एक्ट सहित एक दर्जन मामले दर्ज हैं। हरी सिंह उर्फ भूरा पर आटा थाना में तीन मामले दर्ज हैं। उनके साथियों का पता लगाया जा रहा है।