शहर के दल गंजन चौराहे पर तैनात पुलिस फोर्स
- फोटो : ORAI
उरई/कोंच। सूबे के कई शहरों में सीएए और एनआरसी को लेकर जारी हिंसक प्रदर्शनों के बीच जिले में भी प्रशासन शनिवार को भी अलर्ट पर रहा। शहर में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने संभ्रांत व गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की वहीं सुरक्षा के मद्दे नजर शहर के सभी चौराहों व मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में पुलिस तैनात रही। वहीं कोंच कस्बेे की तमाम मस्जिदों व इबादतगाहों के आसपास तथा मुस्लिम बहुल इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
शहर में बजरिया स्थित गणेशगंज स्कूल में एसडीएम सत्येंद्र कुमार व एएसपी अवधेश सिंह ने शहर के गणमान्य लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान अधिकारियों ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की और नागरिकता संशोधन अधिनियम के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी और लोगों से कहा कि वह किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। इस दौरान सीओ संतोष कुमार, कोतवाल शिवगोपाल सिंह, एसआई योगेश पाठक, हाफिर मंजूर शकील अहमद, चुन्ना हुसैन, इसरार खां सहित तमाम पुलिस बल मौजूद रहा।
वहीं कोंच में डीएम डॉ. मन्नान अख्तर व एसपी डॉ. सतीश कुमार के निर्देश पर एसडीएम अशोक कुमार, सीओ आरपी सिंह, कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी ने कस्बे में पूरी चौकसी बरती। कस्बे की तमाम मस्जिदों और अन्य इबादतगाहों के आसपास पुलिस बल के अलावा पीएसी बल की भी तैनाती की गई थी। कोतवाली पुलिस के साथ साथ नदीगांव एसएचओ विनय दिवाकर, कैलिया एसओ योगेंद्र कुमार अपने-अपने थानों की फोर्स के साथ मुस्लिम बहुल इलाकों आजाद नगर, भगत सिंह नगर, खेरा चौराहा आदि स्थानों पर निगरानी करते रहे। प्रशासन की इस व्यस्तता के कारण शनिवार को होने बाला थाना समाधान दिवस भी नहीं हो सका। कोतवाल भी गश्त पर रहे।
बजरिया स्थघित गणेश गंज स्कूल के सामने बैठक करते अपर पुलिस अधीक्षक व मुसलिम समुदाय के लोग- फोटो : ORAI