उरई। प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित दिवस पर गर्भवती के होने वाले निशुल्क अल्ट्रासाउंड में आनाकानी करने वाले निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर कार्रवाई होगी। दरअसल सीएमओ के पास यह शिकायत आई थी कि कुछ निजी अल्ट्रासाउंड सेंटरों में स्वास्थ्य विभाग का टोकन लेकर पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं को परेशान किया जाता है। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताकर कहा कि जो भी पंजीकृत अल्ट्रासाउंड सेंटर है, उन्हें गर्भवती का निर्धारित अल्ट्रासाउंड करना ही होगा।
बता दें कि प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित दिवस हर महीने में पहली, नौ, 16 और 24 तारीख को आयोजित किया जाता है। इसमें गर्भवती की अन्य जांचों के साथ अल्ट्रासाउंड भी किया जाता है। जिन सीएचसी, पीएचसी या अन्य अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है तो इसके लिए नजदीकी 11 अल्ट्रासाउंड सेंटरों को पंजीकृत किया गया है। यहां पर गर्भवती को निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जाने के लिए एक टोकन भी दिया जाता है। इसी टोकन के सहारे अल्ट्रासाउंड सेंटर गर्भवती का निशुल्क अल्ट्रासाउंड करते है।
हालांकि इसके एवज में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीधे अल्ट्रासाउंड सेंटर को भुगतान किया जाता है। इसके बावजूद अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक इसमें आनाकानी कर रहे है। इस स्थिति पर सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि इस योजना की जांच के लिए एसीएमओ डॉ. अरविंद भूषण, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह और जिला परामर्शदाता मातृत्व स्वास्थ्य रुबी को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जाने वाली गर्भवती को समुचित सेवाएं उपलब्ध कराए।
जो भी अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक इसमें आनाकानी करें, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने पीएम मातृत्व सुरक्षित दिवस पर गर्भवती के अल्ट्रासाउंड करने में आनाकानी करने पर गौरी अल्ट्रासाउंड सेंटर को नोटिस देने को कहा। साथ ही फोकस अल्ट्रासाउंड केंद्र को भी इस योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। कहा कि जो भी अल्ट्रासाउंड सेंटर इस योजना में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वर्जन
अभी 26 अल्ट्रासाउंड केंद्रों में 11 अल्ट्रासाउंड केंद्रों में पीएम सुरक्षित मातृत्व दिवस के तहत गर्भवती के निशुल्क अल्ट्रासाउंड कराए जा रहे है। शासन की मंशा के अनुरूप सभी निजी अल्ट्रासाउंड सेंटरों को काम करना होगा। इसमें आनाकानी करने वाले अल्ट्रासाउंड सेंटर को बंद करा दिया जाएगा।
डॉ. एनडी शर्मा, सीएमओ
फोटो-12-अल्ट्रासाउंड सेंटर पर बिना पंखे के बैठे मरीज व तीमारदार। संवाद
भीषण गर्मी में बेहाल हुए मरीज, सीएमओ ने जताई नाराजगी
उरई। फोकस अल्ट्रासाउंड सेंटर के वेटिंग एरिया में इस भीषण गर्मी में बिना पंखे के मरीजों को बैठाया जा रहा था। दो कूलर लगाए गए है लेकिन वह नाकाफी है। रोजाना यहां डेढ़ सौ से ज्यादा अल्ट्राटाउंड होते है। बिना पंखे के अल्ट्रासाउंड के लिए आए मरीजों को दिक्कत होती थी। इसे लेकर कई बार मरीज व तीमारदार नाराजगी जता चुके हैं। इसके बावजूद सुधार नहीं हुआ। मामला सीएमओ के संज्ञान में आया तो उन्होंने इस पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने रेडियोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका को निर्देशित किया कि मरीजों को हवा पानी जैसी बुनियादी सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।